लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी तेज
जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज और नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। बुधवार को राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग (राजनीतिक प्रतिनिधित्व) आयोग ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पंचायती एवं नगरीय निकायों में ओबीसी आरक्षण से संबंधित वर्ष 2026 का प्रतिवेदन सौंपा।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित बैठक में आयोग के अध्यक्ष मदनलाल भाटी और आयोग के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को रिपोर्ट सौंपी। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और स्थानीय निकाय चुनाव समय पर कराने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने स्थानीय चुनाव समय पर कराने का जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित “वन स्टेट-वन इलेक्शन” व्यवस्था लागू होने से विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं को निरंतर गति मिलेगी। साथ ही बार-बार चुनाव कराने में लगने वाले समय, धन और प्रशासनिक संसाधनों की भी बचत होगी।
बैठक में पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर, विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, ओबीसी आयोग के सचिव अशोक कुमार जैन तथा आयोग के सदस्य प्रो. राजीव सक्सैना, गोपाल कृष्ण, मोहन मोरवाल और पवन मावंडिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
ओबीसी आरक्षण संबंधी यह प्रतिवेदन राज्य में प्रस्तावित पंचायती राज एवं नगरीय निकाय चुनावों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
















































