लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
192 यूनिट रक्त संग्रहित
वीडियो कॉल पर लाइव जुड़े सोनू सूद, रक्तदाताओं का जताया आभार और फाउंडेशन टीम को मुंबई आने का दिया न्योता
श्रीकरणपुर/श्रीगंगानगर। अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद के जन्मदिवस के अवसर पर श्रीकरणपुर की समाजसेवी संस्था हैप्पीनेस फाउंडेशन ने गुरुवार को अपना आठवां रक्तदान शिविर आयोजित किया। आरोड़वंश भवन में आयोजित इस शिविर में जिले के चार ब्लड बैंकों के सहयोग से 192 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
हैप्पीनेस फाउंडेशन हर वर्ष 30 जुलाई को सोनू सूद के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित करता है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
चार ब्लड बैंकों का मिला सहयोग
शिविर में रुधिरा ब्लड बैंक, राजकीय जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक, स्वास्तिक ब्लड बैंक और तपोवन ब्लड बैंक की टीमों ने भाग लिया। सुबह से ही रक्तदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर शिविर को सफल बनाया।
हैप्पीनेस फाउंडेशन के संयोजक अमन नागपाल, अध्यक्ष हैप्पी शर्मा और कोषाध्यक्ष ललित गहलोत ने बताया कि संस्था पूरे वर्ष जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में सोनू सूद लाखों लोगों के लिए प्रेरणा हैं और उनके जन्मदिन पर रक्तदान करना संस्था के लिए गर्व का विषय है।
सोनू सूद ने वीडियो कॉल पर जताया आभार
शिविर का सबसे यादगार पल तब रहा जब अभिनेता सोनू सूद वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से लाइव जुड़े। उन्होंने हैप्पीनेस फाउंडेशन के सभी सदस्यों और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आप सभी जो कार्य कर रहे हैं, वह बेहद प्रेरणादायक है। इंसानियत की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।”
इस दौरान सोनू सूद ने फाउंडेशन की टीम को मुंबई आने का न्योता भी दिया और कहा कि वे सभी से व्यक्तिगत रूप से मिलना चाहते हैं।
सदस्यों ने संभाली व्यवस्थाएं
शिविर के सफल आयोजन में अमन नागपाल, हैप्पी शर्मा, पवन शर्मा, ललित गहलोत, सोनू मेहरा, अंश गेरा, अशोक कुमार, तजेंदर शाक्य, लविश बत्रा, सनी बत्रा, ऋषि, साहिल वर्मा, ओजस, तुषार, संजीव भाटिया, रवि इटकान, जानवी और पारुल सहित फाउंडेशन के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। रक्तदाताओं के लिए जलपान और प्रमाण-पत्र की भी व्यवस्था की गई।
संस्था ने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह के सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे, ताकि किसी भी मरीज को रक्त की कमी के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।
















































