लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया शुभारंभ
650वीं जयंती वर्ष पर भाजपा का समरसता अभियान, भरतपुर से दौसा तक कलश का हुआ हस्तांतरण
भरतपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के समरसता संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को राजस्थान-उत्तर प्रदेश सीमा पर भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। राजस्थान सीमा स्थित ऊंचा नगला पर उत्तर प्रदेश भाजपा की टीम ने कलश राजस्थान भाजपा को सौंपा, जिसके साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ।
जिला मीडिया प्रभारी डॉ. वीरेन्द्र पचौरी ने बताया कि कलश हस्तांतरण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा तथा राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
इसके बाद कलश यात्रा भरतपुर शहर पहुंची, जहां बिजलीघर चौराहे के निकट स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा के दौरान धार्मिक एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
भरतपुर में विभिन्न स्थानों से गुजरने के बाद यात्रा कमालपुरा बॉर्डर पहुंची, जहां भाजपा जिला भरतपुर की टीम ने विधिवत कलश भाजपा जिला दौसा की टीम को सौंप दिया। इसके साथ ही कलश यात्रा अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई।
भाजपा के समरसता संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही यह कलश यात्रा प्रदेशभर में संत गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।















































