लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
‘संस्कारवान युवा ही विकसित भारत की नींव’
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विचारशील, अनुशासित और संस्कारवान युवा ही विकसित भारत और विकसित राजस्थान की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, खेल, रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं के हर सपने को साकार करने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के सुझावों को गंभीरता से लेकर उन्हें बजट और नीतियों में शामिल कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं की नई सोच और नई ऊर्जा राज्य के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार भविष्य की योजनाओं को युवाओं की भागीदारी के साथ तैयार कर रही है।
1.78 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, 51 हजार पदों पर भर्ती जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने 1.78 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। वर्तमान में करीब 51 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जबकि 80 हजार से अधिक पद भर्ती कैलेंडर में शामिल हैं। इसके अलावा 70 हजार नए पदों पर भर्ती की तैयारी भी चल रही है। उन्होंने बताया कि निजी क्षेत्र में भी 4.5 लाख से अधिक रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं।
पेपर लीक पर सख्ती, 569 आरोपी गिरफ्तार
भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। एसआईटी के गठन के बाद अब तक 569 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और सरकार के कार्यकाल में 410 परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक के सफलतापूर्वक आयोजित हुई हैं।
स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना चाहती है। राजस्थान स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत अब तक 4,623 स्टार्टअप पंजीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से 1,062 स्टार्टअप्स को आई-स्टार्ट फंड से ₹34 करोड़ की फंडिंग दी गई है। साथ ही राज्य कौशल नीति-2025 और युवा नीति भी लागू की गई है।
खेल प्रतिभाओं को मिल रहा नया मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान खेलों में नई पहचान बना रहा है। सरकार ने राजस्थान टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना लागू की है, 17 नए खेलो इंडिया केंद्र शुरू किए जा रहे हैं और 41 जिला मुख्यालयों पर आवासीय खेल अकादमियां स्थापित की गई हैं ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
युवाओं से सीधा संवाद, लोगो प्रतियोगिता का शुभारंभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्टार्टअप, खेल, प्रतियोगी परीक्षाओं और माय भारत वॉलेंटियर्स से जुड़े युवाओं से खुलकर संवाद किया। उन्होंने ‘सपनों की उड़ान’ लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा युवाओं के साथ फोटो और सेल्फी भी ली। कार्यक्रम में विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल सहित विद्यार्थी, खिलाड़ी, यंग प्रोफेशनल्स, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक और संबल सखियां मौजूद रहीं।
युवाओं ने सरकार की पहल की सराहना
संवाद के दौरान नीट परीक्षा में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले उपलक्ष्य गोयल ने मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को सफलता का मंत्र बताया। माय भारत वॉलेंटियर स्वरूपदान चारण ने पोर्टल को युवाओं के कौशल विकास के लिए उपयोगी बताया। वहीं पीजी छात्रा राशिका शर्मा ने छात्रवृत्ति योजनाओं और बीएससी छात्रा रेखा ने पेपर लीक पर सख्ती एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
















































