लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (टोंक) | दुर्योधन मयंक
उनियारा कस्बे और उपखंड क्षेत्र में बुधवार शाम हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दिलाई। दोपहर तक आसमान पूरी तरह साफ रहने और तेज उमस के कारण लोग परेशान थे, लेकिन शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और काले बादलों के साथ तेज बारिश शुरू हो गई।
करीब एक घंटे तक हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। हालांकि शहर के कई मोहल्लों और गलियों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान सड़कों पर पानी बहने लगा।
बांधों में बढ़ी पानी की आवक
बारिश का सबसे सकारात्मक असर क्षेत्र के बांधों में देखने को मिला। जलग्रहण क्षेत्रों में हुई वर्षा से विभिन्न बांधों में पानी की आवक शुरू हो गई है।
तहसील कार्यालय अलीगढ़ स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह 8 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में अलीगढ़ क्षेत्र में 91 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
वहीं, जल संसाधन विभाग के कनिष्ठ अभियंता गजानंद गुर्जर ने बताया कि पिछले 24 घंटे में:
- गलवा बांध क्षेत्र में 64 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
- गलवानिया बांध क्षेत्र में 70 मिमी वर्षा हुई।
- ठिकरिया बांध क्षेत्र में 40 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

जलाशयों का बढ़ा जलस्तर
लगातार बारिश से क्षेत्र के बांधों में पानी की आवक बढ़ी है। विभाग के अनुसार—
- गलवा बांध (20 फीट भराव क्षमता) में 8 इंच पानी की आवक हुई।
- गलवानिया बांध (14 फीट) में 5 इंच पानी बढ़ा।
- ठिकरिया बांध (4 मीटर) में 15 सेंटीमीटर पानी की बढ़ोतरी हुई।
- कुम्हारिया बांध (4.25 मीटर) में 10 सेंटीमीटर पानी की आवक दर्ज की गई।
कनिष्ठ अभियंता गजानंद गुर्जर ने बताया कि सुबह 8 बजे के बाद भी बांधों के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश जारी रहने से जलाशयों में पानी की आवक बनी हुई है। उपखंड क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों से अच्छी बारिश होने की सूचना प्राप्त हुई है।
















































