लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोटपूतली। जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर मौलाहेड़ा के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मौलाहेड़ा के निकट एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर अर्टिगा कार पर चढ़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कार चालक अंकित और सीमा नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिलाओं और बच्चों सहित छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पनियाला थाना पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल बीडीएम जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना ट्रेलर और कार के बीच हुई भीषण टक्कर के कारण हुई।











































