लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
यातायात नियम उल्लंघन पर पुलिस का महा-अभियान
राजस्थान में सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को मजबूत करने के लिए राजस्थान पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों पर प्रदेशभर में यातायात और जिला पुलिस की टीमें सड़कों पर सक्रिय हैं, वहीं अभियान की निगरानी महानिदेशक पुलिस यातायात अनिल पालीवाल द्वारा की जा रही है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि 4 जून 2026 से 25 जून 2026 तक चलाए गए 22 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में कुल 1,71,727 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इस अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त नियंत्रण स्थापित करना है।
काली फिल्म और नंबर प्लेट उल्लंघन पर सबसे अधिक कार्रवाई
अभियान के दौरान सबसे अधिक 63,298 मामलों में वाहनों के शीशों पर अवैध काली फिल्म लगाने पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा 43,461 मामलों में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह, 24,033 मामलों में अनाधिकृत शब्द चिन्ह एवं लेखन, 18,159 मामलों में वाहनों की संरचना में अवैध परिवर्तन, 13,586 मामलों में अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर तथा 9,190 मामलों में प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एक दिन में 5,982 मामलों में चालान
25 जून को चलाए गए विशेष अभियान के तहत अकेले 5,982 मामलों में कार्रवाई हुई। इनमें 1,792 काली फिल्म, 1,416 नंबर प्लेट उल्लंघन, 953 वाहन संरचना में परिवर्तन, 892 अनाधिकृत लेखन, 599 लाल-नीली बत्ती एवं हूटर तथा 330 प्रेशर एवं एयर हॉर्न के मामले शामिल रहे।
जिलावार कार्रवाई भी रही सख्त
अजमेर में 590 मामलों में कार्रवाई की गई। वहीं जयपुर कमिश्नरेट (यातायात, पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण) में कुल 1,098 कार्रवाई दर्ज की गई। झुंझुनूं में 373, जयपुर ग्रामीण में 326, चित्तौड़गढ़ में 228, कोटपूतली-बहरोड़ में 213 तथा दौसा में 212 मामलों में कार्रवाई की गई।
राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का पालन ही नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। वाहन चालक नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यह विशेष अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



















































