लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। पिंकसिटी प्रेस क्लब की ओर से पत्रकारों के बच्चों के लिए आयोजित 15 दिवसीय बाल अभिरुचि शिविर का समापन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। 
समारोह में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा। 
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी की छुट्टियों में आयोजित ऐसे कार्यक्रम बच्चों को नई चीजें सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों की रुचि और क्षमता को समझें तथा उन्हें अपनी पसंद के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि वे भविष्य में अपनी प्रतिभा के बल पर नई ऊंचाइयों को हासिल कर सकें।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, आदर्श नगर विधानसभा भाजपा प्रत्याशी रवि नैय्यर, पिंकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश मीणा, महासचिव राजकुमार शर्मा, संयोजक अनीता शर्मा, क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।





















































