भाजपा कार्यालय में उपलब्धियों की प्रदर्शनी का शुभारंभ

0
15
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में बोले कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़

जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर द्वारा चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के एवं जनकल्याण के” अभियान के तहत भाजपा जयपुर शहर जिला कार्यालय में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने की। प्रदर्शनी का उद्घाटन राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं, राष्ट्रहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना विकास, आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय सुरक्षा और विकसित भारत-2047 के संकल्प को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान कार्यकर्ताओं और नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि यह प्रदर्शनी नए भारत की उस यात्रा को दर्शाती है, जिसने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि पहले योजनाओं की केवल घोषणा होती थी, जबकि आज उनका लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है। भारत अब केवल संभावनाओं का देश नहीं, बल्कि उपलब्धियों का देश बन चुका है और विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है।

राठौड़ ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक विकास की नई धारा बह रही है। वंदे भारत ट्रेनों, एक्सप्रेस-वे, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप क्रांति, महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण की योजनाएं नए भारत की पहचान बन चुकी हैं। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को राष्ट्रीय संकल्प बताते हुए इसे जनभागीदारी से साकार करने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 12 वर्षों में विकास के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि आज करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। गरीबों को आवास, किसानों को सम्मान निधि, महिलाओं को उज्ज्वला योजना और युवाओं को नए अवसर उपलब्ध हुए हैं।

गोयल ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल सरकारी उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि उन करोड़ों भारतीयों की आशाओं और विश्वास की कहानी है, जिनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मीडिया सह-प्रभारी नयन माधाणी (अग्रवाल) ने बताया कि कार्यक्रम में जिला महामंत्री नवरत्न नराणिया, राजेश तांबी, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पुरुवंशी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here