नावा सिटी रेलवे कॉलोनी के जर्जर क्वार्टर बने चिंता का विषय 

0
28
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 नए आवास निर्माण की उठी मांग

नावा सिटी (प्रदीप कुमार डागा)। उपखंड मुख्यालय स्थित नावा सिटी रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे कॉलोनी में बने कई पुराने रेलवे क्वार्टर जर्जर और खस्ताहाल हो चुके हैं। समय के साथ इन भवनों की संरचनात्मक मजबूती कमजोर पड़ने से यहां रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। कई क्वार्टर ऐसे हैं जो अपनी उपयोगिता अवधि पूरी कर चुके हैं और भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

रेलवे विभाग की ओर से कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉलोनी में कुछ नए क्वार्टरों का निर्माण कराया जा रहा है। इस पहल का स्थानीय नागरिकों और रेलवे कर्मचारियों ने स्वागत करते हुए रेलवे प्रशासन का आभार जताया है। हालांकि कर्मचारियों की वर्तमान संख्या और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इसे अभी पर्याप्त नहीं माना जा रहा है।

समाजसेवी मनोज गंगवाल ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि कर्मचारियों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जहां नए क्वार्टर उम्मीद की किरण लेकर आए हैं, वहीं पुराने जर्जर भवन कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं।

गंगवाल ने मांग की कि रेलवे कॉलोनी के सभी पुराने क्वार्टरों का तकनीकी सर्वे कराया जाए और उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए। जो भवन कंडम या खतरनाक स्थिति में पहुंच चुके हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हटाकर कर्मचारियों की आवश्यकता के अनुरूप आधुनिक एवं सुरक्षित आवासों का निर्माण कराया जाए।

उन्होंने कॉलोनी में सड़क, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा सुविधाओं को भी सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई। उनका कहना है कि यह मुद्दा केवल रेलवे कर्मचारियों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि रेलवे स्टेशन परिसर की समग्र सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास से भी जुड़ा हुआ है।

समाजसेवी मनोज गंगवाल ने रेलवे मंत्रालय, उत्तर पश्चिम रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जर्जर क्वार्टरों की समस्या का स्थायी समाधान कर्मचारियों की सुरक्षा, मनोबल और रेलवे की जनहितकारी छवि को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here