लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महिलाओं को योजनाओं व अधिकारों की दी जानकारी
भरतपुर (निस)। महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय रामेश्वरी देवी गर्ल्स कॉलेज में जिला स्तरीय नारी चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां दी गईं।
मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा ने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार और उन्हें सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ”, जन-धन योजना और वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी।
सीओ सिटी आशिमा वाशवानी ने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनों और हेल्पलाइन नंबरों 1090, 1088, 181 एवं 112 की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कॉलेज छात्राओं, राजीविका से जुड़ी महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित लगभग 300 महिलाओं ने भाग लिया और अपनी समस्याओं व सुझावों पर संवाद किया।
इस अवसर पर कई विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और महिलाओं को सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।














































