पुलिस कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना शुरू 

0
15
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 अवैध धंधों को संरक्षण देने के आरोप

श्रीगंगानगर, मनजीत सिंह। श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर में पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस थाना परिसर के सामने धरने पर बैठ गए और क्षेत्र में बढ़ते अवैध कारोबारों को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पुलिस संरक्षण में विभिन्न अवैध धंधे संचालित हो रहे हैं। उनका कहना है कि इलाके में चिट्टा, स्मैक, मेडिकेटेड नशे सहित अन्य मादक पदार्थों की खुलेआम बिक्री हो रही है, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध शराब के कारोबार को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा शराब ठेकेदारों को देर रात तक बिक्री के लिए संरक्षण प्रदान किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने इन गतिविधियों पर रोक लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

धरने से पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी एनक्लेव से पुलिस थाना तक विरोध मार्च निकाला। इसके बाद थाना प्रभारी सीर कौर को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन देने के बाद कार्यकर्ता थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए।

धरने के दौरान ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता श्याम वर्मा ने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। अनिश्चितकालीन धरने पर श्याम वर्मा, युवा कांग्रेस नेता हरजीत गिल, लक्ष्मण नायक, कृष्ण रेवाड़ सहित पांच प्रमुख नेता बैठे हैं।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद प्रदीप सुमन, कांग्रेस नेता शेरा राम बागड़ी, इंद्र वर्मा सहित नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई होने तक धरना जारी रहेगा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here