लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लक्ष्मणगढ़ (सीकर): सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध आध्यात्मिक सिद्धपीठ शिवमठ धाम गाड़ोदा में गुरुवार को ब्रह्मलीन परम पूज्य महंत गुलाब जी महाराज की 8वीं पुण्यतिथि (बरसोडी) श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मठ परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, संत समागम, भजन संध्या और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के गोपालन, देवस्थान, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मठाधीश महावीर जति महाराज और आयोजन समिति ने उनका भव्य स्वागत किया। मंत्री कुमावत ने सिद्धपीठ पर मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस आध्यात्मिक आयोजन में अनेक संत-महात्मा और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। मंच पर तारा तरा मठ के महंत एवं पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज, शिवमठ धाम के मठाधीश महावीर जति महाराज, पूज्य संत बुद्धगिरी महाराज (फतेहपुर), अवधेशाचार्य महाराज (लोहारगर्ल धाम), विष्णु पर्पणाचार्य महाराज (डीडवाना धाम) सहित कई संत मौजूद रहे।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष सीकर मनोज भाकर, दांतारामगढ़ भाजपा नेता गजानंद कुमावत, सुजानगढ़ भाजपा नेता संतोष मेघवाल, पूर्व मंत्री खेमाराम मेघवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश जोशी, सीकर व्यापार मंडल अध्यक्ष दयाल सिंह शेखावत, रिटायर्ड अधिकारी ईश्वर सिंह राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जोराराम कुमावत ने सनातन संस्कृति, गौ-सेवा और संत परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिवमठ धाम गाड़ोदा संत परंपरा और तपस्या की पावन भूमि है तथा ऐसे संतों के मार्गदर्शन से समाज का कल्याण संभव है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म हमारी पहचान है और गौ-सेवा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। राज्य सरकार गौशालाओं की आत्मनिर्भरता और गौवंश संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री कुमावत को मठ की ओर से स्मृति चिन्ह और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

















































