आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में 90 करोड़ ‘आभा’ खातों का ऐतिहासिक आंकड़ा पार

0
20
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण को नई गति मिली है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत यूनिक आभा (आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता) आईडी बनाने में राजस्थान ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

प्रदेश में अब तक 7 करोड़ 19 लाख से अधिक आभा आईडी बनाई जा चुकी हैं। वहीं देशभर में वर्ष 2026 तक आभा खातों की संख्या 90 करोड़ के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर गई है। यह उपलब्धि डिजिटल स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत बनाने और नागरिक-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

लगातार बढ़ रही है आभा खातों की संख्या

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत पिछले पांच वर्षों में आभा खातों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2021 में जहां देशभर में 14.7 करोड़ आभा खाते थे, वहीं यह संख्या 2022 में 30.4 करोड़, 2023 में 50.6 करोड़, 2024 में 72.2 करोड़, 2025 में 84.5 करोड़ और 2026 में 90 करोड़ से अधिक हो गई है।

क्या है आभा आईडी?

आभा (Ayushman Bharat Health Account) एक विशिष्ट डिजिटल स्वास्थ्य पहचान है, जो नागरिकों को उनकी सहमति के आधार पर स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित रूप से संग्रहित, देखने और साझा करने की सुविधा प्रदान करती है। यह विभिन्न अस्पतालों, डॉक्टरों, स्वास्थ्य केंद्रों और डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म्स को एकीकृत करने का कार्य करती है।

डिजिटल मेडिकल रिकॉर्ड से मरीजों को सुविधा

आभा आईडी के माध्यम से मरीजों की मेडिकल हिस्ट्री, लैब रिपोर्ट, डॉक्टरों के प्रिस्क्रिप्शन और पुरानी बीमारियों का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहता है। इससे मरीजों को बार-बार दस्तावेज साथ रखने की आवश्यकता नहीं पड़ती तथा किसी भी अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों को रोगी के स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विवरण आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं।

विशेष बात यह है कि मरीज का स्वास्थ्य डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहता है और उसकी अनुमति के बिना कोई भी डॉक्टर या संस्था उस जानकारी तक पहुंच नहीं सकती।

आईएचएमएस की महत्वपूर्ण भूमिका

इस डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था में आईएचएमएस (Integrated Health Management System) की महत्वपूर्ण भूमिका है। यह एक ABDM-कम्प्लायंट सॉफ्टवेयर है, जिसके माध्यम से मरीज की आभा आईडी को इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड (EHR) से जोड़ा जाता है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन अधिक पारदर्शी, प्रभावी और सुगम बन रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि आभा आईडी और डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड की यह व्यवस्था भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक तेज, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here