पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 बिना नंबर की मोटरसाइकिलें जब्त

0
26
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

यातायात नियमों के उल्लंघन पर 162 चालान, पुलिस ने आमजन से सुरक्षित यातायात नियमों की पालना की अपील की

नागौर/मेड़ता रोड (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर पुलिस ने बिना नंबर प्लेट, काले शीशों तथा नंबर प्लेटों में छेड़छाड़ कर संचालित किए जा रहे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के तहत नागौर और मेड़ता सिटी क्षेत्र में कुल 10 बिना नंबर की मोटरसाइकिलें जब्त की गईं, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर 162 चालान किए गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नागौर आशाराम चौधरी के निर्देशों एवं यातायात उप अधीक्षक उम्मेद सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।

यातायात शाखा नागौर के प्रभारी देवीलाल के नेतृत्व में कस्बा नागौर में चलाए गए अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट संचालित हो रही 7 मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत जब्त किया गया। इसके अलावा विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 142 चालान बनाए गए।

इसी प्रकार मेड़ता सिटी में वृत्ताधिकारी रामकरण सिंह मलिंडा एवं यातायात उप अधीक्षक उम्मेद सिंह के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी प्रहलादराम के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 3 बिना नंबर की मोटरसाइकिलें जब्त कीं। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 20 चालान किए गए।

पुलिस की आमजन से अपील

नागौर police ने आमजन से यातायात नियमों की पालना करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित यात्रा प्रत्येक व्यक्ति और उसके परिवार की जिम्मेदारी है। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। वाहन चालक निर्धारित नियमों का पालन करें तथा बिना नंबर प्लेट, अवैध संशोधन एवं अन्य नियम उल्लंघन से बचें।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here