लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा जिले में NHAI और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, हाईवे की भूमि कराई कब्जामुक्त
गुरला (भीलवाड़ा)। राष्ट्रीय राजमार्ग-758 (NH-758) पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे की भूमि को कब्जामुक्त कराया। हाईकोर्ट के निर्देशों की पालना में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर हाईवे के केंद्र बिंदु से 30 मीटर के दायरे में बने अवैध निर्माणों को हटाया।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की सहायता से हाईवे किनारे किए गए पक्के एवं अस्थायी अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
कई स्थानों पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
अभियान के तहत भुणास क्षेत्र में हाईवे किनारे बने अवैध निर्माणों को हटाया गया। वहीं मेघरास चौराहे के आसपास स्थापित अवैध केबिनों एवं दुकानों को भी हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त किया गया। गठिला क्षेत्र में भी हाईवे की भूमि पर किए गए कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई।
भारी प्रशासनिक अमला रहा तैनात
कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और अभियान को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों का भारी अमला मौके पर मौजूद रहा।
इस दौरान उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर, सहाड़ा तहसीलदार वीरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार, संबंधित पटवारी, हाईवे रूट मैनेजर पंचराम कुमावत, पेट्रोलियम अधिकारी सिंटू खारोल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। हाईवे की भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।













































