लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सिरोही। जिले में स्थित अल्ट्राटेक नाथद्वारा सीमेंट लिमिटेड की ठंडीबेरी माइंस में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। माइंस क्षेत्र में पानी भराव वाले हिस्से में डूबने से एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, युवती पानी से भरे गहरे क्षेत्र में डूब गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल प्रयास करते हुए युवती को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और गुस्से का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि माइंस क्षेत्र में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और खुले पानी भराव वाले क्षेत्र को लेकर पहले भी चिंता जताई जा चुकी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के समय कंपनी का कोई बचाव दल मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
स्थानीय लोगों ने कहा कि माइंस क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जो इस हादसे की बड़ी वजह बनी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं हादसे के बाद कंपनी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।














































