पदमपुरा में कलश यात्रा के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू

0
28
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

गौतम शर्मा, राजसमंद

राजसमंद। पदमपुरा गांव में चंवरा का श्याम नव निर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा एवं मूर्ति स्थापना महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

गाडरी समाज के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मंदिर के मुख्य भोपाजी नारायण लाल गायरी के सानिध्य में कलश यात्रा निकाली गई। आयोजन समिति के प्रकाश चंद्र गाडरी एवं बालूराम गाडरी ने बताया कि यात्रा गांव के बालाजी मंदिर से धार्मिक भजनों और डीजे की धुनों के साथ रवाना हुई।

कलश यात्रा में 151 महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर सिर पर कलश धारण किए। यात्रा के आगे सात घोड़े नृत्य करते हुए चल रहे थे। महिलाएं मंगल गीत गाती और भजनों पर नृत्य करती हुई आगे बढ़ीं, जबकि पुरुष श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए शामिल हुए।

गांव में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान कई श्रद्धालुओं में धार्मिक आस्था का विशेष उत्साह देखने को मिला।

कलश यात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए चंवरा का श्याम मंदिर पहुंची, जहां विशेष आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद विद्वान पंडित विष्णु महाराज सहित पांच पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। कार्यक्रम में 11 जोड़े यजमान के रूप में शामिल हुए।

आयोजकों के अनुसार 24 मई को शुभ मुहूर्त में चंवरा का श्याम, देवनारायण भगवान सहित अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों की स्थापना की जाएगी।

महोत्सव में बालूराम, शंभूलाल, रोशनलाल, शंकरलाल, किशनलाल, प्रकाशचंद्र, मदनलाल, भंवरलाल, कैलाश, मुकेश सहित पदमपुरा, फियावड़ी, नाथूवास, बागपुरा, काबरी, खड़ेल, लापस्या और खातीखेड़ा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here