‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का X अकाउंट भारत में ब्लॉक

0
141
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

  सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस

नई दिल्ली | (नितिन मेहरा)। सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई व्यंग्यात्मक डिजिटल पहल ‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)’ का आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई भारत सरकार की कानूनी मांग के बाद की गई।

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब पिछले कुछ दिनों में यह पैरोडी प्लेटफॉर्म सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ था।

इंस्टाग्राम पर BJP से आगे निकलने का दावा

प्रतिबंध से पहले CJP के इंस्टाग्राम हैंडल ने 1.3 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स होने का दावा किया था। सोशल मीडिया पर यह भी चर्चा रही कि इसने फॉलोअर्स के मामले में भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को पीछे छोड़ दिया।

क्रिएटर ने दी प्रतिक्रिया

CJP के संस्थापक और पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रेटजिस्ट अभिजीत दीपके ने एक्स के नोटिस का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए अकाउंट ब्लॉक होने की पुष्टि की। उन्होंने दावा किया कि पहले अकाउंट को हैक करने की कोशिश की गई और बाद में कानूनी प्रक्रिया के जरिए उसे भारत में ब्लॉक कर दिया गया।

इसके बाद टीम ने “Cockroach is Back” नाम से नया हैंडल शुरू किया, जिसके बायो में लिखा गया— “Cockroaches Don’t Die”

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी से जुड़ा मामला

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस डिजिटल अभियान की शुरुआत मई 2026 में सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के बाद हुई थी। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति सूर्यकांत की कथित टिप्पणी को सोशल मीडिया यूजर्स ने व्यंग्यात्मक तरीके से अपनाया और इसे मीम-आधारित आंदोलन का रूप दे दिया।

हालांकि बाद में न्यायमूर्ति की टिप्पणी को लेकर स्पष्टीकरण भी सामने आया था।

व्यंग्य के जरिए उठाए जा रहे मुद्दे

CJP खुद को एक वास्तविक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि व्यंग्यात्मक डिजिटल प्लेटफॉर्म बताता है। इसके कथित एजेंडे में बेरोजगारी, पेपर लीक, स्वतंत्र मीडिया, महिला आरक्षण और न्यायपालिका से जुड़े मुद्दों को मीम्स और हास्य के माध्यम से उठाया गया है।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर बहस

एक्स अकाउंट ब्लॉक होने के बाद सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और डिजिटल सेंसरशिप को लेकर बहस तेज हो गई है। कई सोशल मीडिया यूजर्स और विपक्षी नेताओं ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here