राज्य सरकार का उद्देश्य गांवों का समग्र विकास कर आत्मनिर्भर बनाना : जोराराम कुमावत

0
44
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

चांचोड़ी में विकसित ग्राम-2026 अभियान के तहत रात्रि चौपाल आयोजित
पशुपालन मंत्री ने जनसमस्याओं का किया मौके पर निस्तारण

जयपुर/सुमेरपुर। सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव चांचोड़ी में बुधवार को “विकसित ग्राम-2026” अभियान के तहत रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पेयजल, सड़क, बिजली, पशुपालन सुविधाएं, चरागाह भूमि और चिकित्सा सेवाओं सहित विभिन्न समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री कुमावत ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए तथा कई मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करवाई।

अपने संबोधन में मंत्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य गांवों का समग्र विकास कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। “विकसित ग्राम-2026” अभियान के तहत गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को शहरों जैसी सुविधाएं अपने गांव में ही मिल सकें।

उन्होंने कहा कि रात्रि चौपाल जैसे कार्यक्रमों से सरकार को सीधे ग्रामीणों से संवाद करने का अवसर मिलता है, जिससे समस्याओं की वास्तविक स्थिति समझकर उनका त्वरित समाधान किया जा सकता है।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, जिला संयोजक शिवराज सिंह बिठिया, मंडल अध्यक्ष खोड नारायण सिंह बालराई, पूर्व मंडल अध्यक्ष हुकम सिंह खरोकड़ा, ग्राम रथ अभियान प्रभारी शिवांगी कानावत, निवर्तमान सरपंच पूनम सिंह राजपुरोहित, श्रवण सिंह राव सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

स्कूल के लिए टीन शेड की घोषणा

रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों की मांग पर मंत्री जोराराम कुमावत ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चांचोड़ी में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए टीन शेड निर्माण की घोषणा की। इसके लिए 10 लाख रुपए की राशि जारी करने के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने कहा कि टीन शेड बनने से विद्यार्थियों को गर्मी और बारिश के दौरान राहत मिलेगी तथा शैक्षणिक गतिविधियां बेहतर तरीके से संचालित हो सकेंगी। ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ ने इस घोषणा पर मंत्री का आभार व्यक्त किया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here