लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 181 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग के बाद प्रशासनिक तंत्र अब अधिक सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में भरतपुर नगर निगम ने एसपी कार्यालय के पास स्थित एक दुकान के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर निगम के सहायक प्रशासनिक अधिकारी बालकन सिंह ने बताया कि यह शिकायत राजवीर सिंह द्वारा 181 मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई गई थी, जिसमें दुकान के आगे किए गए अतिक्रमण से आमजन को हो रही परेशानी का उल्लेख किया गया था।
उन्होंने बताया कि संबंधित दुकानदार को कई बार समझाइश देकर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन पालन नहीं किए जाने पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवा दिया।






















































