सीमा सुरक्षा पर बड़ा एक्शन: ड्रोन ड्रॉपिंग मामलों की फिर होगी जांच

0
25
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नितिन मेहरा वरिष्ठ संवाददाता, (राजस्थान)

बीकानेर/खाजूवाला। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे राजस्थान के इलाकों में ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों की जांच अब नए सिरे से की जाएगी। बीकानेर रेंज पुलिस ने पिछले तीन वर्षों में हुई संदिग्ध ड्रोन ड्रॉपिंग घटनाओं की फाइलों को दोबारा खोलने का फैसला लिया है।

जेल से संचालित हो रहा था नेटवर्क

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का संचालन पंजाब की फरीदकोट जेल में बंद कुख्यात तस्कर सुखविंदर उर्फ सुक्खा कर रहा था। सुक्खा मूल रूप से श्रीगंगानगर जिले के रावला क्षेत्र का निवासी है। उसे मार्च 2023 में 37 किलो हेरोइन तस्करी मामले में गिरफ्तार किया गया था।

जांच में सामने आया है कि जेल में बंद रहने के बावजूद वह मोबाइल फोन के जरिए पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में था और सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हथियार एवं नशीले पदार्थ मंगवा रहा था। हाल ही में 22 फरवरी को भी ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप भारतीय सीमा में गिराई गई थी।

राजस्थान पुलिस ने लिया प्रोडक्शन वारंट

मामले का खुलासा होने के बाद राजस्थान पुलिस ने फरीदकोट जेल में बंद सुखविंदर को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। उसे राजस्थान लाकर रिमांड पर पूछताछ की जा रही है।

राजस्थान-पंजाब-पाकिस्तान तक फैला नेटवर्क

बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि पूछताछ में ड्रोन तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम इनपुट मिले हैं। नेटवर्क का कनेक्शन राजस्थान, पंजाब और पाकिस्तान तक फैला हुआ है। पुलिस और तकनीकी टीमें साइबर जांच के जरिए पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी हैं।

ड्रोन से भेजे गए अत्याधुनिक हथियार

पाकिस्तानी तस्करों ने करीब 17.50 किलो वजनी अत्याधुनिक ड्रोन के जरिए चीन निर्मित पिस्टल, कारतूस और लगभग 325 जिंदा कारतूस भारतीय सीमा में भेजे थे। जांच में सामने आया कि सुखविंदर ने खेप उठाने के लिए अपने गुर्गों को भेजा था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के चलते तस्कर हथियार छोड़कर फरार हो गए।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पुराने मामलों की कड़ियां जोड़कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here