लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ईंधन बचत को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी, काफिलों और सरकारी वाहनों के उपयोग में होगी कटौती
नई दिल्ली/जयपुर। भजनलाल शर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित में की गई अपीलों का देशभर में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में राजस्थान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की बचत को बढ़ावा देने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ईंधन की खपत कम करने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर कई कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी अधिकारी और जनप्रतिनिधि सरकारी वाहनों के उपयोग में मितव्ययिता बरतें तथा अनावश्यक वाहनों के इस्तेमाल से बचें। उन्होंने अधिकारियों से ईंधन बचत को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि सरकारी कार्यों में संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रमों की संख्या में भी होगी कटौती
भजनलाल शर्मा ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती खपत को देखते हुए सरकारी कार्यक्रमों और आयोजनों की संख्या में भी आवश्यकतानुसार कमी की जाए। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े स्तर पर ईंधन की बचत संभव है, जो राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की भावना के अनुरूप कार्य कर रही है तथा आमजन से भी ईंधन बचत में सहयोग की अपील की।




















































