लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। उपखंड क्षेत्र के पलाई ग्राम स्थित देवनारायण भगवान मंदिर परिसर में संकल पंचों के तत्वावधान में पांच दिवसीय मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव पूर्णाहुति के साथ भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
आचार्य पंडित कृष्णबिहारी शास्त्री के सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव के दौरान पांच दिनों तक वैदिक अनुष्ठान, हवन और मंत्रोच्चार से वातावरण दिव्यता से सराबोर रहा। समिति अध्यक्ष सोजीलाल गुर्जर ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व मूर्तियों का शास्त्रोक्त विधि-विधान से पुष्पादिवास, फलादिवास, अन्नादिवास, धृतादिवास एवं मिष्ठानदिवास जैसे धार्मिक संस्कार संपन्न कराए गए। इसके बाद पंचतत्वों—दूध, दही, घी आदि से महाभिषेक कर मूर्तियों का अभिषेक किया गया।
निर्धारित शुभ मुहूर्त में साडू माता, शिव परिवार सहित सभी देवी-देवताओं की मूर्तियों की वैदिक विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा कर स्थापना की गई। हवनकुंड में वेद मंत्रों के उच्चारण के बीच दी गई आहुतियों से पूरा परिसर धार्मिक ऊर्जा से स्पंदित हो उठा।
महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया, जिसमें आसपास के दर्जनों गांवों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
समापन अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में हजारों लोगों को पंगत में बैठाकर प्रसादी वितरित की गई। इस दौरान संकल पंच गुर्जर समाज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।





















































