लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विपक्ष को घेरा
बीकानेर (विजय कपूर): अर्जुनराम मेघवाल, केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री ने बीकानेर भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को संसद एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले इस ऐतिहासिक कानून का विरोध कर विपक्ष ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता उजागर कर दी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब देश की मातृशक्ति को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का अवसर आया, तब विपक्षी दलों ने बहानेबाजी, भ्रम फैलाने और प्रक्रिया को बाधित करने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने इस महत्वपूर्ण विधेयक को कमजोर करने और महिलाओं के अधिकारों को टालने का प्रयास किया, जबकि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है।
मेघवाल ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के सपनों और उनकी भागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने का कार्य किया है, जबकि विपक्ष वर्षों तक केवल राजनीति करता रहा।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं और नारी शक्ति वंदन अधिनियम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह अधिनियम संसद के दोनों सदनों से पारित होकर कानून बन चुका है और इसे वर्ष 2029 से लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में लागू करने का प्रावधान किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनका विरोध महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से लाया गया था, लेकिन विपक्ष ने इसे समर्थन नहीं देकर अपनी मंशा स्पष्ट कर दी।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, सुमन छाजेड़, महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, राजेंद्र पंवार, प्रभारी ओम सारस्वत, कमल गहलोत सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।














































