लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर | (प्रदीप कुमार डागा) नागौर स्थित पुलिस लाइन में गुरुवार को 77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य परेड एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने परेड का निरीक्षण किया तथा परेड कमांडर विनोद कुमार के नेतृत्व में सलामी दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस कर्मियों और नागरिकों को स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
60 पुलिस कार्मिकों को मिला सम्मान
समारोह के दौरान वर्ष 2025 में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 60 पुलिस कार्मिकों को उत्तम, अति उत्तम एवं सर्वोत्तम सेवा चिन्ह और प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस प्रदर्शनी में दिखा नवाचार
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित प्रदर्शनी में नागौर पुलिस द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, महत्वपूर्ण केस निस्तारण तथा जिले के इतिहास की जानकारी प्रदर्शित की गई। 
वृक्षारोपण और रक्तदान शिविर
कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक ने स्वयं रक्तदान कर प्रेरणा दी और अन्य कार्मिकों ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप अधीक्षक, आईपीएस प्रशिक्षु अधिकारी, थाना प्रभारी, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
























































