लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अच्छे नागरिक बनने की शुरुआत बचपन से होती है — डॉ. अर्पिता गुप्ता
रिपोर्ट: विजय कपूर, बीकानेर
बीकानेर। शहीद मेजर जेम्स थॉमस गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में “छात्रों को बेहतर नागरिक बनने के लिए कैसे प्रेरित किया जाए” विषय पर मोटिवेशनल सेमिनार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता समाजसेविका डॉ. अर्पिता गुप्ता ने छात्रों को लघु कथाओं, कविताओं तथा महापुरुषों एवं आदर्श व्यक्तित्वों के जीवन उदाहरणों के माध्यम से प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अच्छा नागरिक बनने के लिए केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि सही मूल्य, जिम्मेदारी और व्यवहार का विकास भी आवश्यक है।
उन्होंने नैतिक शिक्षा, देशभक्ति और जिम्मेदारी का भाव विकसित करने, अधिकार एवं कर्तव्य दोनों को समझने, तथा समाज के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्रों को स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।
सेमिनार के दौरान शैक्षणिक प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें ऋतिक, धर्मेंद्र, दीपक, सत्या, करण और तोशिका सहित विजेताओं को मेडल एवं शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई।
अध्यापिका शालिनी भाटी ने डॉ. अर्पिता गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में छात्रों को “अच्छा नागरिक कैसे बनें” विषय पढ़ाना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह उनके व्यक्तिगत विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम की नींव रखता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रिंसिपल कांता चौधरी, कमलेश सुथार, दुर्गा भाटी और रामचंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















































