लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्टर: दुर्योधन मयंक, उनियारा
उनियारा। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में खेडली बालाजी मंदिर प्रांगण में भाजपा देहात मंडल अलीगढ़ एवं ककोड़ द्वारा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देवली-उनियारा विधायक Rajendra Gurjar मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक कोष से निर्मित पंच हताई सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया गया। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब के विचारों को केवल स्मरण ही नहीं, बल्कि जीवन में अपनाना भी आवश्यक है। उनका दृष्टिकोण केवल संविधान निर्माण तक सीमित नहीं था, बल्कि एक ऐसे भारत के निर्माण का था जहां प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, न्याय और गरिमा प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के आदर्श आज भी हमारी नीतियों और संकल्पों को दिशा देते हैं और हमें एक समावेशी एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम से पूर्व विधायक ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर संगोष्ठी की शुरुआत की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि खेडली ग्राम में विधायक के आगमन पर उनका स्वागत घोड़ी पर बिठाकर बिंदोरी के रूप में किया गया और कार्यक्रम स्थल तक पारंपरिक तरीके से लाया गया।

















































