लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर
अजमेर: भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा अंबेडकर सर्किल पर भव्य पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संवैधानिक संकल्पों को दोहराया।
डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में संकल्प सभा
कार्यक्रम की अध्यक्षता अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने की। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और ‘बाबा साहेब अमर रहें’ के नारों के साथ हुई।
डॉ. जयपाल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन शोषित और वंचित समाज के संघर्ष और उत्थान की प्रेरणादायक गाथा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के मूल मंत्र को अपनाने का आह्वान किया।
धर्मेंद्र राठौड़ ने रखे विचार
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में धर्मेंद्र राठौड़ उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब आधुनिक भारत के आधार स्तंभ हैं और उनका बनाया संविधान देश की एकता का मजबूत आधार है।
उन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा पर जोर देते हुए कहा कि देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचे।
सामाजिक समरसता का संदेश
अंबेडकर सर्किल पर आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता को मजबूत करने और भेदभाव रहित समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान ‘संविधान बचाओ, देश बचाओ’ और ‘बाबा साहेब के सपने को साकार करेंगे’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर शहर के विभिन्न वार्डों से आए कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
साथ ही रामचंद्र चौधरी, डॉ. गोपाल बाहेती, द्रोपदी कोली, महेंद्र चौधरी, शैलेन्द्र अग्रवाल, चंदन सिंह, लक्ष्मी धोलखड़िया, वाहिद मोहम्मद, नरेश सत्यावना सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम ने न केवल बाबा साहेब के योगदान को याद किया, बल्कि नई पीढ़ी को उनके लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया।


















































