जयपुर में ट्रैफिक सुधार के लिए बड़ा प्लान: नया इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर बनेगा

0
36
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 परियोजनाओं को गति देने के निर्देश

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा खाका तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रीयल टाइम ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए नया इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर स्थापित करने की योजना बनाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे, जिसमें जयपुर के ट्रैफिक सुधार और विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

प्रगतिरत प्रोजेक्ट्स को दें गति

मुख्यमंत्री ने जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) को सीबीआई फाटक, सालिग्रामपुरा फाटक और सिविल लाइन फाटक पर आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गोपालपुरा और सांगानेर एलिवेटेड रोड परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने जेएलएन मार्ग पर प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के भी निर्देश दिए।

नई परियोजनाओं की डीपीआर जल्द तैयार हो

मुख्यमंत्री ने अरण्य भवन-जगतपुरा एलिवेटेड रोड, अजमेर रोड पर पुरानी चुंगी अंडरपास और अन्य प्रस्तावित आरओबी परियोजनाओं की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही द्रव्यवती एलिवेटेड कॉरिडोर की योजना पर भी तेजी से काम करने को कहा।

डबल यू-टर्न और फ्री लेफ्ट टर्न पर जोर

शर्मा ने महल रोड, सीकर रोड और न्यू सांगानेर रोड को सिग्नल फ्री बनाने के लिए डबल यू-टर्न व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही रामबाग चौराहे की तर्ज पर शहर के अन्य व्यस्त चौराहों पर भी फ्री लेफ्ट टर्न व्यवस्था लागू करने को कहा।

अव्यवस्थित मीडियन ओपनिंग हों बंद

मुख्यमंत्री ने प्रमुख मार्गों पर अनियमित मीडियन ओपनिंग को जल्द बंद करने और यू-टर्न के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर उन्हें व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रैफिक दबाव को संतुलित करने के लिए लेन निर्धारण और गोलचक्कर निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।

पैदल यात्रियों और स्कूल क्षेत्रों की सुरक्षा पर फोकस

उन्होंने प्रमुख चौराहों और बाजारों में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग, स्कूल क्षेत्रों में संकेतक बोर्ड, गति नियंत्रण और जेब्रा क्रॉसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पार्किंग और जागरूकता अभियान

मुख्यमंत्री ने जेडीए, नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस को शहर में पार्किंग स्थलों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं और एफएम रेडियो के माध्यम से अभियान चलाने के निर्देश दिए।

ड्रोन तकनीक और आईटीएमएस का उपयोग

बैठक में ट्रैफिक पुलिस ने वीओसी मोबाइल एप, आईटीएमएस सिस्टम और ड्रोन तकनीक के उपयोग से किए जा रहे ट्रैफिक प्रबंधन की जानकारी भी प्रस्तुत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर को मॉडल सेंटर के रूप में विकसित किया जाए, जिससे जयपुर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here