लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सांवरिया सेठ रोडवेज बस रूट में बदलाव की मांग
गुरला/कपासन/चित्तौड़गढ़। (सत्यनारायण सेन, गुरला) कपासन विधानसभा क्षेत्र में रोडवेज बसों की कमी को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने जनहित में बड़ा कदम उठाया है। विधायक ने राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा को पत्र लिखकर बूंदी–सांवरिया सेठ रोडवेज बस के मार्ग में संशोधन की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा कि वर्तमान में बूंदी डिपो की यह बस भीलवाड़ा से हमीरगढ़ और गंगरार होते हुए गुजरती है, जबकि इस मार्ग पर पहले से ही कई बसें संचालित हैं। ऐसे में कपासन विधानसभा क्षेत्र के हजारों ग्रामीण इस सुविधा से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने प्रस्ताव रखा कि इस बस को भीलवाड़ा से गुरला, कारोई, पहुना, राशमी, मातृकुंडिया शनि धाम और कपासन मार्ग से संचालित किया जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधी परिवहन सुविधा मिल सके।
इस पहल से कपासन और राशमी क्षेत्र के ग्रामीणों को रोडवेज सेवा का लाभ मिलेगा, वहीं श्रद्धालुओं के लिए सांवरिया सेठ मंदिर तक पहुंचना भी अधिक आसान हो जाएगा। साथ ही गुरला, कारोई और मातृकुंडिया शनि धाम क्षेत्र के यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने कहा कि “मेरी प्राथमिकता क्षेत्र की जनता को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना है। बस रूट में यह बदलाव होने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी।”
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें परिवहन विभाग के आगामी निर्णय पर टिकी हुई हैं।


















































