लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
टायर फटने से हुआ हादसा, एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी
अजमेर | पीसांगन उपखंड क्षेत्र के मांगलियावास में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब केमिकल से भरे एक टैंकर में अचानक आग लग गई। घटना मांगलियावास स्थित अजमेर-ब्यावर हाईवे पर सुबह करीब 8:30 बजे हुई।
टायर फटने से लगी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्यावर से अजमेर की ओर जा रहे केमिकल टैंकर का टायर फट गया, जिसके बाद टायरों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और टैंकर से धुआं उठने लगा।

स्थानीय लोगों ने किया प्रयास, लेकिन नहीं मिली सफलता
मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही मांगलियावास पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को देखते हुए एहतियातन:
- हाईवे पर यातायात बंद करवाया
- आसपास की बिजली आपूर्ति रोक दी
- दमकल विभाग को तुरंत बुलाया
मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे, जिनमें:
- एसडीएम राजीव बड़गूजर
- तहसीलदार भागीरथ चौधरी
- थानाधिकारी सरोज चौधरी
- नसीराबाद सदर थानाधिकारी अशोक बिशु
- थाना इंचार्ज श्रवण चौधरी

एक घंटे बाद आग पर काबू
करीब 5 दमकलों की मदद से एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 10:15 बजे आग पर काबू पाया गया। इसके बाद टैंकर पर लगातार पानी डालकर केमिकल को ठंडा किया गया।

लापरवाही भी आई सामने
घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस के मना करने के बावजूद जलते टैंकर के पास जाकर वीडियो बनाते रहे। यदि स्थिति बिगड़ती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई घटना
प्रत्यक्षदर्शी शेरू खान ने बताया कि तेज धमाके की आवाज सुनकर वे और उनके साथी बाहर आए, जहां उन्होंने टैंकर में आग लगी देखी। उन्होंने कंपनी में उपलब्ध गैस सिलेंडरों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में चालक और परिचालक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर पुलिस को सूचना दी गई।
बड़ा हादसा टला
समय रहते प्रशासन और दमकल विभाग की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
पीसांगन केमिकल भरे टैंकर नंबर Gj12BY 9537 अपडेट।
आगजनी के साढ़े तीन घंटे बाद भी मौके पर आधा दर्जन से अधिक दमकले आगजनी की चपेट में आये केमिकल को पानी छिड़कर ठंडा करने का कर रही है प्रयास। पुलिस प्रशासन लगा जाम खुलवाकर यातायात बहाली में।





















































