लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जल जीवन मिशन 2.0 के तहत एमओयू किया
जयपुर। राजस्थान ने ‘हर घर जल’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। राज्य जल जीवन मिशन 2.0 के तहत नई गाइडलाइन्स के अनुसार भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के साथ एमओयू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया। एमओयू का हस्ताक्षर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल की गरिमामय उपस्थिति में नई दिल्ली में किया गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार ने प्रदेश की जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार से अनुमति ली और उसके बाद यह एमओयू साइन किया गया। इस एमओयू से राज्य में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने और प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। इस पहल से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छ जल सुनिश्चित होगा, जिससे विशेषकर महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार आएगा और दैनिक जीवन अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनेगा।
एमओयू के माध्यम से:
-
प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल से स्वच्छ एवं नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
-
सेवा गुणवत्ता में सुधार और समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित होगी।
-
मिशन की पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा सहित अन्य केन्द्रीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह कदम राजस्थान में ग्रामीण जल आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।



















































