लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेशवासियों की सेवा में दिन-रात 24 घंटे समर्पित है और जनता के हित में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं में प्रदेशवासियों के साथ धोखा किया और भ्रष्टाचार के मामलों में शामिल लोगों को जेल भी जाना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कांग्रेस के समय पेपरलीक और नौकरियों में पारदर्शिता की कमी युवाओं के भविष्य पर कुठाराघात कर रही थी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने पाँच साल में 4,148 घोषणाओं में से केवल 1,900 को पूरा किया, जबकि हमारी सरकार ने दो साल में 2,719 घोषणाओं में से 2,465 को धरातल पर उतारा। उन्होंने यह भी कहा कि जब दो साल बनाम पांच साल के प्रदर्शन पर विधानसभा में चर्चा करनी थी, तो कांग्रेस के नेता वहां से भाग गए।
शर्मा ने यह भी बताया कि कांग्रेस ने महत्वपूर्ण योजनाओं को लटकाया और भटकाया, जबकि हमारी सरकार ने आते ही एमओयू कर योजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित किया। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली इस लिए जाते हैं कि प्रदेशवासियों के लिए नई योजनाएं और सुविधाएं लेकर आएं, जबकि कांग्रेस केवल अपने शासन को बचाने के लिए दिल्ली में महीनों रुकती थी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राजस्थान के लिए जो भी कार्य करना पड़ेगा, वह जनता की भलाई के लिए करेंगे और किसी विपक्षी के कहने से प्रभावित नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें ईश्वर और उनके मंत्रिमंडल के सहयोग से काम करने की शक्ति मिली है और सभी जनप्रतिनिधि जनता की सेवा में पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।


















































