घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुचारू

0
31
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जिला कलक्टर ने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की
अजमेर | नितिन मेहरा

अजमेर: अजमेर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच जिला कलक्टर लोक बन्धु ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में गैस की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है। सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू गैस की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि गैस की कमी को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाह पर भरोसा न करें।

पैनिक बुकिंग से सर्वर पर बढ़ा दबाव
जिला कलक्टर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं द्वारा बड़ी संख्या में एक साथ ‘पैनिक बुकिंग’ की गई, जिससे गैस बुकिंग सर्वर पर अचानक दबाव बढ़ गया और प्रक्रिया कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। हालांकि अब यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों से बुकिंग होने के कारण सर्वर पर दबाव कम हो गया है और बुकिंग प्रणाली फिर से सामान्य रूप से कार्य कर रही है। वर्तमान में रिफिलिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है।

आंकड़ों में गैस की उपलब्धता
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में गैस की मांग और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।

  • जनवरी-फरवरी में प्रतिदिन औसतन करीब 12,651 सिलेंडरों की बुकिंग और रिफिलिंग हुई।
  • 1 से 12 मार्च के बीच प्रतिदिन औसतन 13,391 बुकिंग और 12,151 रिफिलिंग दर्ज की गई।
  • 13 मार्च को एक ही दिन में 16,005 बुकिंग और 11,984 रिफिलिंग की गई, जो मांग के अनुरूप पर्याप्त है।

अनावश्यक भंडारण से बचने की अपील
जिला कलक्टर ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि आवश्यकता न होने पर सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न करें। आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन लगातार गैस एजेंसियों के संपर्क में है, ताकि किसी भी क्षेत्र में वितरण में बाधा न आए।

ओटीपी आधारित होम डिलीवरी व्यवस्था
उन्होंने बताया कि सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल पंजीकृत उपभोक्ताओं को ओटीपी आधारित प्रणाली के माध्यम से ही होम डिलीवरी सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित गैस एजेंसी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले की सभी 51 घरेलू गैस एजेंसियों की जांच की जा चुकी है और स्टॉक, बुकिंग तथा वितरण की निगरानी के लिए दिन में तीन बार रिपोर्ट ली जा रही है।

कालाबाजारी पर कार्रवाई
अवैध भंडारण और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक 13 स्थानों पर छापेमारी कर 35 अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इन मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत 13 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
गैस रिफिल, डिलीवरी या कालाबाजारी से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का हेल्पलाइन नंबर 0145-2628932 जारी किया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय सतर्कता यूनिट का गठन भी किया गया है, जिसमें जिला प्रशासन, रसद विभाग, पुलिस और तेल कंपनियों के अधिकारी शामिल हैं। यह यूनिट गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण कर स्टॉक, रिफिलिंग और वितरण व्यवस्था की निगरानी कर रही है। साथ ही गैस बॉटलिंग प्लांट का भी निरीक्षण किया गया है।

जिला कलक्टर ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए लगभग 20 प्रतिशत गैस आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, अन्नपूर्णा रसोई और अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत आपूर्ति दी जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन गैस आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रख रहा है, ताकि आमजन को बिना किसी बाधा के रसोई गैस उपलब्ध हो सके।

- Advertisement -
Previous articleअजमेर में राजस्थान दिवस समारोह 2026 का भव्य आगाज 
loktodaynews
लोक टूडे न्यूज " जनता की आवाज " देश की खबरों का एक मात्र वेब पोर्टल है। इस न्यूज पोर्टल के माध्यम से लोगों की आवाज को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाना ही प्रमुख लक्ष्य है। खबरें निष्पक्ष और बगैर किसी पूर्वाग्रह के प्रकाशित की जाएगी। लोक टुडे के नाम से दैनिक और पाक्षिक समाचार पत्र भी है। यू ट्यूब चैनल भी चलाया जा रहा है। आपका सहयोग अपेक्षित है। आप भी खबर , फोटो यहां भेज सकते हैं। आप वैबसाइट और पेपर से जुड़ने के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते है। 9829708129, 8209477614,neerajmehra445@gmail.com, loktodaynews@gmail.com प्रधान संपादक नीरज मेहरा जयपुर।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here