लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर/मुंडवा (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर पुलिस ने वेंकटेश मंदिर मूंडवा से चोरी हुए लगभग 20 किलो चांदी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों हर्षकुमार और राहुल रजक को गिरफ्तार किया है। हर्षकुमार पूर्व में मंदिर का पुजारी था और चोरी का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना 16 फरवरी 2026 की रात हुई थी, जब अज्ञात आरोपियों ने मंदिर में घुसकर चांदी की संपत्ति चुराई और फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों का पता लगाने के लिए 17 दिन तक मेहनत की। इस दौरान टीम ने देश के 7 राज्यों में लगभग 9,000 किलोमीटर की यात्रा की और 1,500 सीसीटीवी कैमरे, 50 बस स्टैंड, 13 रेलवे स्टेशन और तीन एयरपोर्ट पर अलग-अलग वेश में आरोपियों की तलाश की।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म के थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मोबाइल अपने घरों पर छोड़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। इसके बावजूद, पुलिस की कड़ी मेहनत और तकनीकी अनुसंधान के जरिए आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार किया गया।
थाना मूंडवा पुलिस टीम की इस शानदर कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

















































