लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीकर (योगेश ऋषिका)। जिले के विश्वप्रसिद्ध खाटूश्यामजी फाल्गुनी लक्खी मेले में उमड़ रही भीड़ के बीच राजस्थान पुलिस ने यह सुनिश्चित किया कि कोई भी श्रद्धालु, विशेषकर दिव्यांगजन, अपने आराध्य के दर्शन से वंचित न रहें। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की मंशा के अनुरूप दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मेले में विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
दिव्यांगजन के लिए विशेष सेवा
सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि पार्किंग स्थल पर पहुंचने वाले दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष वाहन की व्यवस्था की गई, जो उन्हें सीधे दर्शन केंद्र तक पहुंचाता है। वहां व्हीलचेयर उपलब्ध कराकर पुलिसकर्मी उन्हें सम्मानपूर्वक और सुरक्षित तरीके से बाबा श्याम के दर्शन करवाते हैं। पिछले चार दिनों में दर्जनों श्रद्धालुओं को इस प्रकार की सेवाएं प्रदान की गई हैं।
एसपी नूनावत ने कहा कि खाटूश्यामजी धाम आने वाला हर श्रद्धालु हमारे लिए परिवार का सदस्य है। विशेषकर दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों की सेवा करना पुलिस का कर्तव्य ही नहीं, बल्कि श्रद्धा का विषय है। मेले की विशालता को देखते हुए पुलिस बल को संवेदनशील व्यवहार के निर्देश दिए गए हैं, ताकि व्यवस्था के साथ-साथ आत्मीयता भी बनी रहे।
सहायता केंद्र और आपातकालीन सेवाएं
पुलिस उपाधीक्षक आनंद राव ने बताया कि मेले में थोड़ी-थोड़ी दूरी पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। स्पष्ट सूचना बोर्डों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन मिलता है और किसी भी परेशानी में निकटतम केंद्र पर संपर्क किया जा सकता है।
आपातकालीन सेवाएं लगातार उपलब्ध हैं:
-
पुलिस हेल्पलाइन: 112
-
पुलिस सहायता: 9667600788
-
एम्बुलेंस सेवा: 108
सेवा में मानवीय संवेदना
फाल्गुनी लक्खी मेले में जहां “श्याम नाम” की गूंज है, वहीं राजस्थान पुलिस की सेवा भावना श्रद्धालुओं में विश्वास जगा रही है। भीड़ के इस महासागर में दिव्यांग श्रद्धालु मुस्कुराते हुए अपने आराध्य के दर्शन कर लौटते हैं, जो केवल व्यवस्था की सफलता नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना की विजय भी है।
















































