लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने संभाला पदभार
मुस्लिम बाहुल्य विधानसभाओं में मोर्चें को मजबूत करेंगे: हमीद खान मेवाती
जयपुर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने आज जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित समारोह में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रदेशभर से आए अल्पसंख्यक समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों तथा पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का वातावरण बना रहा।
मदन राठौर और जमाल सिद्दीकी ने पद भार ग्रहण कराया
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने हमीद खान मेवाती को प्रदेशाध्यक्ष पदभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मदन राठौड़ ने कहा कि मेवाती एक अनुभवी, कर्मठ एवं जमीनी कार्यकर्ता हैं, जिनके नेतृत्व में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदेशभर में उन राजनीतिक दलों को बेनकाब करें, जो केवल समाज के नाम पर तुष्टिकरण की राजनीति करते रहे हैं, जबकि भाजपा ने सदैव सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर कार्य किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, विकासपरक नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अल्पसंख्यक समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य करें।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा अल्पसंख्यक समाज के उत्थान, शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने पार्टी के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, राष्ट्रहित की सोच और विकास की राजनीति को अल्पसंख्यक समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। 
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा, मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हुसैन खान, अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मजीद मलिक कमांडो, एम. सादिक खान, वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन अबूबकर नकवी, मदरसा बोर्ड चेयरमैन हिदायत खां धौलिया, मोर्चा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. तसलीम बानो, पूर्व राष्ट्रीय मंत्री रेशमा हुसैन, वरिष्ठ नागरिक आयोग के प्रदेश संयोजक रविन्द्र जैन, मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रमजान अली चौपदार, एम.डी. शेख और उद्योगपति तालीम शेख सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन फारूक राणा एवं मेहनाज पटेल ने कुशलतापूर्वक किया।
















































