लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अवैध पत्थर ब्लॉकों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, माफियाओं में मचा हड़कंप
सरमथुरा (धौलपुर)। आँगई थाना पुलिस ने अवैध खनन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध पत्थर ब्लॉकों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। यह कार्रवाई गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चिलाचौंद क्षेत्र में कोना खान के पास की गई।
जानकारी के अनुसार, आँगई थाना प्रभारी कृपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका, जिसमें अवैध रूप से खनन किए गए पत्थर ब्लॉक भरे हुए थे। पुलिस को देखकर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है तथा संबंधित विभाग को भी सूचना दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय पत्थर माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि अवैध खनन के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।















































