लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
टांटिया यूनिवर्सिटी की फर्जी वेबसाइट बनाकर करता था जाली डिग्रियां तैयार
श्रीगंगानगर।
ब्यूरो चीफ : मनजीत सिंह
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर पुलिस ने एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए टांटिया यूनिवर्सिटी की फर्जी वेबसाइट बनाकर जाली डिग्रियां तैयार करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुक्तसर (पंजाब) निवासी के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई टांटिया यूनिवर्सिटी प्रशासन की शिकायत पर की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से डिजिटल उपकरण, लैपटॉप, मोबाइल फोन एवं विभिन्न विश्वविद्यालयों से संबंधित फर्जी डाटा बरामद किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न विश्वविद्यालयों की हूबहू नकली वेबसाइट बनाकर फर्जी डिग्रियां, अंकतालिकाएं एवं प्रमाण पत्र तैयार करता था। इस गिरोह के झांसे में आकर कई लोग फर्जी डिग्रियां हासिल कर चुके हैं, जिससे उनके भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हुआ है।
यह कार्रवाई आईपीएस विशाल जांगिड़ एवं एएसपी रघुवीर शर्मा के निर्देशन में सदर थाना प्रभारी सुभाष के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिसमें गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, नेटवर्क और अब तक जारी की गई फर्जी डिग्रियों की संख्या को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के खिलाफ आईटी एक्ट एवं धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के माध्यम से रोजगार या अन्य लाभ लेने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।















































