लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डोडियाना के योगेंद्र धौलपुरिया सचिव पद पर निर्वाचित
पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम डोडियाना निवासी योगेंद्र धौलपुरिया ने ग्रेनाइट एसोसिएशन जालौर के चुनाव में शानदार जीत दर्ज कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए चुनाव में उन्होंने सचिव पद (तृतीय) पर विजय हासिल की। चुनाव अधिकारी बंशीधर चौधरी ने परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष रही।
परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कड़े मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी को पराजित कर योगेंद्र धौलपुरिया ने यह महत्वपूर्ण पद अपने नाम किया। जीत की खबर मिलते ही डोडियाना सहित आसपास के गांवों में बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। समर्थकों ने मालाएं पहनाकर, फूलों की वर्षा कर तथा मिठाइयां बांटकर उनका भव्य स्वागत किया।
ग्रामीणों ने इसे डोडियाना के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि योगेंद्र की जीत से पूरे क्षेत्र की प्रतिष्ठा बढ़ी है। विजय के बाद योगेंद्र धौलपुरिया ने सभी मतदाताओं एवं समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे एसोसिएशन में पारदर्शिता, एकजुटता और विकास को प्राथमिकता देंगे तथा ग्रेनाइट उद्योग से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मिल-जुलकर कार्य करेंगे।
चुनाव परिणामों के बाद जालौर के ग्रेनाइट उद्योग जगत में सकारात्मक माहौल बना हुआ है। नई कार्यकारिणी से उद्योग को नई दिशा मिलने और व्यापारियों के हित में ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।















































