लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बंगाल में बीएलओ पर दबाव, पंजाब में मीडिया दबाव का शिकार
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मादन राठौड़ ने पाली प्रवास के दौरान पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल और पंजाब की सरकारें लोकतंत्र, प्रशासनिक ईमानदारी और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचल रही हैं।
राठौड़ ने कहा कि जादवपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 110 पर तैनात बीएलओ अशोक दास की आत्महत्या लोकतंत्र की हत्या है। उन्हें और उनके परिवार को टीएमसी नेताओं—अनन्या बनर्जी और राजू बिस्वास—के द्वारा अवैध मतदाताओं, विशेषकर रोहिंग्या और घुसपैठियों, के नाम मतदाता सूची में न हटाने का दबाव बनाया गया और जान से मारने की धमकियाँ दी गई। लगातार मानसिक प्रताड़ना और भय के कारण अशोक दास ने यह कदम उठाया, जिसे भाजपा ने कड़ी निंदा की।
बंगाल में टीएमसी पर गंभीर आरोप
मादन राठौड़ ने कहा कि टीएमसी का अब मतलब “तुष्टिकरण, माफिया, गुंडाराज और क्राइम कल्चर” बन गया है। उन्होंने उत्तर दिनाजपुर के चाकुलिया में बीडीओ कार्यालय में हुई हिंसा का भी उदाहरण दिया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान भीड़ ने कार्यालय में आगजनी की और मशीनों को नुकसान पहुँचाया। राठौड़ ने आरोप लगाया कि टीएमसी फर्जी आईडी रैकेट और घुसपैठियों के सहारे चुनाव जीतने के लिए चुनाव आयोग की पारदर्शी प्रक्रिया को बाधित कर रही है।
पंजाब में मीडिया पर दमन
राठौड़ ने कहा कि पंजाब की भगवंत मान सरकार मीडिया की आवाज़ दबा रही है। बिना नोटिस या वैधानिक आदेश के पंजाब केसरी समूह के बठिंडा और जालंधर स्थित प्रिंटिंग प्रेस पर छापेमारी की गई, कर्मचारियों और पत्रकारों के साथ मारपीट की गई और उन्हें हिरासत में लिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि यूट्यूबर्स और डिजिटल मीडिया पर एफआईआर दर्ज, विपक्षी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिजली काटना और सिग्नल जाम करना आम हो गया है, जो लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ—मीडिया—को सीधे चोट पहुंचाता है।
कार्रवाई की मांग
राठौड़ ने पश्चिम बंगाल के अशोक दास आत्महत्या मामले में उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की और दोषी टीएमसी नेताओं के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की अपील की। पंजाब में मीडिया पर हो रहे दमन को रोकने और प्रेस की स्वतंत्रता बहाल करने की भी आवश्यकता बताई। साथ ही उन्होंने पंजाब में सीमा सुरक्षा हेतु भूमि न देने के मामले की समीक्षा करने की मांग की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “ममता बनर्जी का बंगाल अब ‘शोनार बांग्ला’ नहीं, बल्कि ‘खूनी खेल का मैदान’ बन चुका है। भाजपा इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी।”
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी और पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा भी उपस्थित रहे।



















































