लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा | (पंकज पोरवाल) मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार को प्रेस ट्रस्ट बिजोलिया (रजि.) संस्था द्वारा भील बस्ती क्षेत्र में जरूरतमंदों के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत प्रदान करना एवं पर्व की खुशियां उनके साथ साझा करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गोपाल खंडेलवाल रहे, जबकि अध्यक्षता उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़ ने की। इस दौरान बुजुर्ग महिलाओं, बच्चों एवं जरूरतमंद महिलाओं को कंबल वितरित किए गए। साथ ही मकर संक्रांति के अवसर पर तिल के लड्डुओं का वितरण भी किया गया।
अतिथियों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं तथा मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं। उन्होंने समाज के सक्षम वर्ग से ऐसे सेवा कार्यों में निरंतर सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल, संरक्षक एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष भंवर धाकड़, प्रेस ट्रस्ट अध्यक्ष श्याम विजय, नगर पालिका पैनल अधिवक्ता सुनील जोशी, भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष मनोज गोधा, देवनारायण मंदिर विवाह कमेटी संरक्षक नेवालाल गुर्जर, बिट्टल तिवारी, डॉ. संस्कार सोनी, नरेश धाकड़, प्रमेन्द्र विजयवर्गीय, रमेश गुर्जर, मानव तिवारी, कपिल विजय, महेंद्र गुर्जर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।








































