लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कृष्णा केशव स्कूल के छात्रों ने किया पीसांगन थाने का शैक्षणिक भ्रमण
पीसांगन, अजमेर।
स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी
पीसांगन, अजमेर। युवा दिवस के अवसर पर कृष्णा केशव स्कूल, पीसांगन के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने के उद्देश्य से पीसांगन पुलिस थाने का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने थाने की कार्यशैली, दैनंदिन गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अवलोकन किया।
थाने में उपस्थित एएसआई महावीर प्रसाद शर्मा ने विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देते हुए उनके उद्देश्य और महत्व को सरल भाषा में समझाया। साथ ही उन्होंने नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, साइबर जागरूकता और बेहतर पुलिसिंग जैसे विषयों पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।
एएसआई शर्मा ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से निर्भय होकर संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और यदि वे जागरूक व जिम्मेदार बनें तो अपराध और सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पुलिस से जुड़े अपने सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में कानून व्यवस्था के प्रति सकारात्मक सोच और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताते हुए इस पहल को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।















































