लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोटपूतली–बहरोड़। पुलिस ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। यह पहल पुलिस-जन सहयोग को मजबूत बनाने और युवाओं में कानून और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार इस कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र कुमार बिश्नोई, आईपीएस, उप महानिरीक्षक पुलिस एवं सह पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी पुलिस थानों पर किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को उनके संबंधित थानों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने थाने के विभिन्न विभागों, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, हवालात, मालखाना और अन्य पुलिस कार्यों को नजदीक से देखा और समझा।
कोटपूतली थाने में भी विशेष आयोजन हुआ, जहां छात्र-छात्राओं ने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद किया और पुलिस की जिम्मेदारियों तथा सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस कार्यक्रम ने युवाओं में पुलिस के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और सहयोग की भावना को बढ़ाने का काम किया।










































