लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
घने कोहरे और ठंड के बावजूद डटे रहे योग साधक
विजय कपूर की रिपोर्ट
बीकानेर । अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव के दूसरे दिन शनिवार को कार्यक्रमों की शुरुआत ‘करें योग, रहें निरोग’ आयोजन के साथ हुई। संसोलाव तालाब के समीप स्थित पीपल पार्क में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बावजूद सैकड़ों योग साधकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ऊंट उत्सव के दूसरे दिन पहली बार इस योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रवीर योगासन स्पोर्ट्स अकैडमी, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के योग विभाग, एलएम स्पोर्ट्स अकैडमी, एमएम ग्राउंड क्रिकेट अकादमी तथा कपिल क्रीड़ाश्रम के प्रतिनिधियों, शारीरिक शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय योग साधकों ने भाग लिया।
योग प्रशिक्षण भुवनेश पुरोहित के नेतृत्व में यशोवर्धिनी आचार्य, स्नेहा व्यास, सपना बेरवाल और प्रियंका रघुवंशी ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया तथा योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक महेश व्यास ने कहा कि नियमित योग और प्राणायाम से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार ऊंट उत्सव में इस बार कई नवाचार किए जा रहे हैं, जिनमें योग जैसे स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम भी शामिल हैं।
कार्यक्रम में सहायक पर्यटन अधिकारी नेहा शेखावत, जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष, रामेंद्र हर्ष, रामकुमार पुरोहित, शिवाजी छंगाणी, मदन मोहन छंगाणी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं योग प्रेमी उपस्थित रहे।

















































