लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद (गौतम शर्मा)। राजसमंद जिले के कुंवारिया कस्बे की मुख्य सड़क पर लंबे समय से प्रतीक्षित सीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिससे कस्बेवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत पोखरना मार्केट से की गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दिनों में यह सड़क भारी कीचड़ में तब्दील हो जाती थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आए दिन फिसलन और जाम की स्थिति बनी रहती थी।
पूर्व में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कर्मचारियों द्वारा ठेकेदार को निर्देश देकर सड़क पर बने गड्ढों को अस्थायी रूप से भरवाया गया था। अब मुख्य सड़क पर स्थायी समाधान के रूप में सीसी सड़क निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद कस्बेवासियों के साथ-साथ क्षेत्र से गुजरने वाले राहगीरों को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है तथा उम्मीद जताई है कि कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा।










































