लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सिवाना (रिपोर्टर: पारस माली)
सिवाना। सिवाना कस्बे के कई मोहल्लों में वर्षों पहले प्यास बुझाने के लिए स्थापित पानी की टंकियां अब संकट का संकेत दे रही हैं। लगभग 5-10 वर्षों में बनाईं गई इन टंकियों का रख-रखाव और पानी की नियमित सप्लाई नहीं होने के कारण कई टंकियां बिखरने की कगार पर हैं।
कस्बे में इन टंकियों की संख्या बीस से अधिक बताई जाती है। कुछ टंकियों के नलकूप चोरी हो गए हैं या लंबे समय से काम नहीं कर रहे।
पहले इन टंकियों का रख-रखाव और लीकेज सुधार ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी थी, लेकिन अब यह जिम्मेदारी नगरपालिका के हाथ में है। कई टंकियों में तो पानी की आपूर्ति सालों से बंद है, जिससे स्थानीय लोग पानी के अभाव से जूझ रहे हैं।
स्थानीय निवासी प्रशासन से जल्द टंकियों की मरम्मत, नलकूपों की बहाली और नियमित पानी आपूर्ति की मांग कर रहे हैं, ताकि आमजन को जल संकट का सामना न करना पड़े।











































