लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर (बनी सिंह मीना): दिनदहाड़े फायरिंग के मामले में वांछित चल रहे आरोपी गोलू गुर्जर को गंगापुर सिटी पुलिस ने महिला के भेष में गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की। आरोपी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों से निकाला, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और अपराधियों में भय का संदेश गया। जुलूस का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक गिर्राज मीणा और कोतवाली थानाधिकारी करणसिंह राठौड़ ने किया। जुलूस को कोतवाली थाना, देवी स्टोर चौराहा, खारी बाजार, चौपड़, कैलाश टॉकीज, जामा मस्जिद, फव्वारा चौक, कचहरी रोड होते हुए पुनः कोतवाली थाना तक निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक अनिल बेनीवाल ने बताया कि 2 दिसंबर को माल गोदाम रोड स्थित पुरानी सब्जी मंडी में बदमाशों ने महेंद्र उर्फ काडू पहलवान पर फायरिंग की थी। इस मामले में अब तक छह बदमाश गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
थानाधिकारी करणसिंह राठौड़ को मुखबिर से सूचना मिली कि गोलू गुर्जर महिला के भेष में श्योसिंहपुरा रोड पर घूम रहा है। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को सरसों के खेत से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने भेष बदलकर छिपने और फायरिंग में शामिल होने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपी गोलू गुर्जर, उम्र 21 वर्ष, निवासी सुरगढ़, थाना बाटोदा है। सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने आरोपी को महिला भेष में ही जुलूस में शामिल कर सार्वजनिक रूप से पेश किया। जुलूस देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उत्सुकता से मौजूद रहे।
























































