लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की मांग
डीग। प्रदेश स्तरीय आह्वान पर गुरुवार को पंचायत सहायक एवं विद्यालय सहायक संघ डीग द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया। यह कार्यक्रम पंचायत शिक्षक एवं विद्यालय सहायक संघ के जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिनसिनी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें कर्मचारी महासंघ के संरक्षक लक्ष्मी नारायण कोरेर एवं सह-संयोजक मुन्नालाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
ज्ञापन में संघ द्वारा सरकार से संविदा कर्मियों के नियमितीकरण को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने की मांग की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार ने एक वर्ष पूर्व बजट में संविदा कर्मियों को नियमित करने का आश्वासन दिया था तथा आईएएस पैटर्न पर दो वर्षीय छूट देने की घोषणा भी की गई थी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। अब जबकि सरकार का दूसरा बजट आने वाला है, संविदा कर्मियों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार द्वारा शीघ्र ही नियमितीकरण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो सभी संविदा कर्मी पुनः जयपुर की धरा पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
ज्ञापन कार्यक्रम में मनवीर (ब्लॉक अध्यक्ष, कुम्हेर), चेतन कटरा (ब्लॉक अध्यक्ष, कामा), पवन ऊसरानी (जिला उपाध्यक्ष), अरविंद, नटवर, राजवीर, रवि खड़ेवाल, गिरवर, जसमत, परसोत्तम, राहुल फौजदार सहित बड़ी संख्या में पंचायत शिक्षक एवं विद्यालय सहायक उपस्थित रहे।



















































